जयपुर रेंज में एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान : पुलिस अधिकारियों की 382 टीमों ने दी दबिश, 754 अपराधी गिरफ्तार
जयपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: एक दिन में 825 अपराधी गिरफ्तार
जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के नेतृत्व में चलाए गए 'एरिया डोमिनेशन' अभियान के तहत 1470 पुलिसकर्मियों ने 2195 ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में 754 वांछित अपराधियों सहित कुल 825 बदमाशों को पकड़ा गया। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार, मादक पदार्थ और शराब जब्त कर अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है।
जयपुर। जयपुर रेंज में असामाजिक तत्वों के खिलाफ 18 अप्रैल 2026 को व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश के निर्देशन में जयपुर ग्रामीण, अलवर, दौसा, भिवाड़ी, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, सीकर और झुंझुनू जिलों में यह कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के तहत 1470 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 382 टीमों ने कुल 2195 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 754 वांछित, फरार और इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही विभिन्न अधिनियमों के तहत 67 नए प्रकरण दर्ज कर 71 अपराधियों को पकड़ा गया।
अभियान के दौरान महिला अत्याचार के 7, जघन्य अपराधों के 24 और सामान्य अपराधों के 81 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 232 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया गया तथा 80 स्थाई वारंटी और उद्घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया। 8 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी भी इस कार्रवाई में शामिल रही। एनडीपीएस एक्ट के तहत 5 मामले दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध शराब के 32 मामलों में 25 लोगों को पकड़ा गया। फायर आर्म्स, अवैध खनन और अन्य अधिनियमों के तहत भी कार्रवाई करते हुए हथियार, मादक पदार्थ, शराब और पत्थर जब्त किए गए। इस विशेष ड्राइव में पुलिस के सभी थानों, कार्यालयों, पुलिस लाइन, क्यूआरटी और आरएसी कंपनियों को शामिल किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं टीमों को ब्रीफ कर अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Comment List