राजस्थान में अक्टूबर से साइबर अपराधियों पर चलेगा विशेष अभियान, डीजीपी राजीव शर्मा ने पुलिस को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
साइबर अपराध पर राजस्थान पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान
जयपुर। राजस्थान में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने साइबर अपराध पर नियंत्रण को पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अक्टूबर में पूरे प्रदेश में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। शर्मा शनिवार को जयपुर आयुक्तालय एवं जयपुर ग्रामीण जिले की साइबर अपराध समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में साइबर अपराध को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसकी रोकथाम, त्वरित अनुसंधान और साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जयपुर कमिश्नरेट के सभी पुलिस उपायुक्तों, डीसीपी क्राइम, साइबर क्राइम से जुड़े पुलिस अधिकारियों एवं थानाधिकारियों सहित जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में साइबर अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरणों और साइबर अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। शर्मा ने साइबर अपराध की बढ़ती चुनौती को देखते हुए साइबर क्राइम से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, अपराधियों के नेटवर्क तक पहुंचने और आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता गतिविधियों को और मजबूत करने के निर्देश दिये।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि साइबर अपराध के मामलों में पुलिस की प्रतिक्रिया जितनी तेज होगी, पीड़ित की राशि वापस दिलाने और अपराधियों तक पहुंचने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। इसलिए शिकायत मिलते ही तकनीकी एवं वित्तीय ट्रेल का तत्काल विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही साइबर अपराध के नये तरीकों पर लगातार नजर रखते हुए पुलिसकर्मियों को अपडेट रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जानकारी दी गयी कि साइबर अपराधों की जांच में तेजी लाने और उन पर सख्त नियंत्रण के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।

Comment List