रोडवेज बसों के निरीक्षण के लिए सख्त आदेश, मुख्य प्रबंधकों को रोज करनी होगी जांच
सुबह 9 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद करना होगा 10-10 वाहनों का औचक निरीक्षण
जयपुर। राजस्थान रोडवेज में राजस्व बढ़ाने और वाहन निरीक्षण को प्रभावी बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। रोडवेज के कार्यकारी निदेशक (यातायात) विनोद पुरोहित ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी मुख्य प्रबंधकों को प्रतिदिन स्वयं बसों का निरीक्षण करना अनिवार्य कर दिया है।
आदेश के अनुसार प्रत्येक मुख्य प्रबंधक को सुबह 9 बजे से पहले कम से कम 10 वाहनों की जांच करनी होगी। इसी तरह शाम 6 बजे के बाद भी 10 वाहनों का निरीक्षण करना होगा। यानी रोजाना कुल 20 बसों की जांच अनिवार्य होगी। निरीक्षण को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक वाहन का न्यूनतम 5 मिनट का वीडियो भी तैयार करना होगा। इसके बाद यह वीडियो तुरंत टेलीग्राम ग्रुप पर अपलोड करना होगा, ताकि उच्चाधिकारी मौके की स्थिति देख सकें।
नया आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे राज्य में लागू कर दिया गया है। माना जा रहा है कि इससे बसों की स्थिति में सुधार होगा, अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

Comment List