सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की निगम ने ली सुध, 110 से अधिक कर्मचारियों की जांच
110 से अधिक कर्मचारियों और आश्रितों को मिला नि:शुल्क परामर्श व दवाइयां
जयपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में ‘सहभाग स्वच्छ भारत विकसित भारत’ की थीम पर नगर निगम जयपुर की ओर से सफाई मित्रों और उनके आश्रितों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नगर निगम में कार्यरत सफाई मित्रों सहित अन्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान कर्मचारियों का ब्लड प्रेशर, बीपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर उपचार उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया, ताकि कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उनके कार्यस्थल के स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। नि:शुल्क हेल्थ चेकअप एवं जांच शिविर में 110 से अधिक कर्मचारी लाभान्वित हुए। शिविर के दौरान कर्मचारियों और उनके आश्रितों ने स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।

Comment List