गुरु पूर्णिमा महोत्सव का पोस्टर मुख्यमंत्री ने किया विमोचित, अनोखी धाम में होगा आयोजन
आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर अनोखी धाम सेवा समिति की ओर से आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर अनोखी धाम सेवा समिति की ओर से आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया। यह भव्य आयोजन आगामी 10 जुलाई को पत्रकार कॉलोनी (मानसरोवर) स्थित अनोखी धाम ( हनुमंत स्वरूप नीब करौरी महाराज) में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गुरुपूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार होता है और नई पीढ़ी को सनातन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम मिलता है। पोस्टर विमोचन के दौरान अनोखी धाम सेवा समिति के अध्यक्ष विनय कुमार शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आयोजन में आमंत्रित किया और आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक साधना, सत्संग, भजन और प्रसादी वितरण जैसे आयोजनों के माध्यम से विशेष महत्व रखता है।

Comment List