जयपुर में आरएसएस का विजयादशमी उत्सव: शस्त्र पूजन के बाद निकला पथ संचलन करधनी नगर में रिम्स डिफेंस एकेडमी में आयोजन, क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेशचंद अग्रवाल रहे मौजूद
जयपुर के विभिन्न मार्गों से अनुशासित गणवेश में निकला भव्य पथ संचलन
जयपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से जयपुर में स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विजयादशमी उत्सव का आयोजन हुआ। विद्याधर भाग के करधनी नगर में निवारू लिंक रोड स्थित रिम्स डिफेंस एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में शस्त्र पूजन, शारीरिक प्रदर्शन और बौद्धिक कार्यक्रम रखे गए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पथ संचलन निकाला। कार्यक्रम में राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेशचंद अग्रवाल भी मौजूद रहे।
उत्सव की शुरुआत परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने शारीरिक प्रदर्शन के माध्यम से अनुशासन, शारीरिक क्षमता और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया। बौद्धिक कार्यक्रम के जरिए संघ के विचारों और विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विजयादशमी के अवसर पर संघ की ओर से पथ संचलन भी आयोजित किया गया। गणवेश में सजे स्वयंसेवक अनुशासित कदमताल के साथ निर्धारित मार्गों से गुजरे।शहर में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों की ओर से स्वयंसेवकों का स्वागत करने और पुष्पवर्षा की गई। संघ में विजयादशमी उत्सव को स्थापना दिवस के रूप में मनाने की परंपरा रही है।

Comment List