प्रदेश में तेज गर्मी के बीच बदला मौसम : जयपुर सहित कुछ जिलों में बारिश, राजसमंद में ओले
अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री दर्ज
जयपुर। प्रदेश में तेज गर्मी के बीच शनिवार को अचानक मौसम बदला और राजधानी जयपुर सहित आधा दर्जन जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इनमें बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं, सवाईमाधोपुर, बाड़मेर, राजसमंद सहित कुछ जिलों में बारिश हुई। वहीं राजसमंद में बारिश के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली। इधर राजधानी जयपुर बादल छाने के साथ ही धूल भरी आंधी चली। शहर के कई इलाकों में छितराई हल्की बारिश भी हुई। इससे गर्मी से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली। इससे पहले बाड़मेर में दिन का तापमान इस सीजन में पहली बार 45 डिग्री के पार पहुंचा। यहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर में भी दिन का तापमान 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया।
कल से दो दिन हो सकती है बारिश: मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 27 और 28 अप्रैल को पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं धूलभरी आंधी व हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इसका असर जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग के एरिया में देखने को मिल सकता है।

Comment List