जयपुर से गूंजा महिला सुरक्षा का संकल्प : महिला सुरक्षा सात दिन का नहीं, जीवनभर का संकल्प- डीजीपी
निर्भया स्क्वाड ने पहले ही सराहनीय कार्य किया
स्कूल, कॉलेज और औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जा सके।
जयपुर। जयपुर पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा तय करने के लिए सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी है अभियान शुरू किया है जिसका उद्घाटन डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बुधवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के सभागार में किया। अभियान 26 अगस्त तक महिला सुरक्षा सप्ताह के रूप में चलेगा। डीजीपी शर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा सिर्फ सात दिनों का नहीं, बल्कि हमेशा का ही संकल्प है। उन्होंने महिलाओं को शक्ति, सहनशीलता और साहस का प्रतीक बताया। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा सबसे ऊपर है और कालिका पेट्रोलिंग, एंटी-रोमियो और निर्भया स्क्वाड ने पहले ही सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस जनता से मिलने वाले फीडबैक और शिकायतों पर गंभीरता से काम करेगी। पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने कहा कि इसका मकसद केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है बल्कि यह एक सामाजिक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जयपुर शहर में वर्ष 2024, 2025 में अपराधों में काफी गिरावट आई है।
वॉक एंड टॉक : महिला पुलिस अधिकारी हर गली और मोहल्ले में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगी और उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी। स्कूल, कॉलेज और औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जा सके।

Comment List