ईदगाह परिसर में लंगर खाने के बाद मची अफरा-तफरी, 500 से ज्यादा लोग बीमार
उल्टी-दस्त की शिकायत पर अस्पतालों में कराया भर्ती
भवानीमंडी। भवानीमंडी के मेला मैदान स्थित ईदगाह परिसर में आयोजित लंगर का भोजन करने के बाद 500 से अधिक लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। प्रभावित लोगों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों की संख्या अधिक बताई जा रही है। सभी को उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई देने पर नगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लग गई और प्रशासन भी अलर्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लंगर में परोसे गए भोजन के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए। चिकित्सा प्रभारी डॉ. रोहिताश्व ने बताया कि जावेदा (55), रिजवाना (43), अमरीन (33), मोहम्मद अली (14), रुखसार (25), सकीना (40), रियान (15), निसार (15), फैजाद (32), शबाना (44) तथा सबिया (7) सहित 500 से अधिक लोगों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी था।
जांच रिपोर्ट आने पर होगी कारणों की पुष्टि
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 400 से अधिक अन्य लोगों के भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भोजन के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और मरीजों के उपचार की जानकारी ली।

Comment List