मुर्गियों से भरी पिकअप बाइक से टकराई : पति-पत्नी समेत तीन की मौत, घर लौटते समय हादसा
दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया
एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ, जिसमें तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु।
प्रतापगढ़। चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर कचोटिया गांव के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पति-पत्नी सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ, जिसमें तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। थाना अधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया कि मृतकों में पीपलखूंट क्षेत्र के डूंगला वाणी निवासी जीवन मीणा (40), उनकी पत्नी चंपा (37) और मित्र गुड्डू मीणा (26) शामिल हैं। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर प्रतापगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे, तभी बांसवाड़ा की ओर से आ रही मुर्गियों से भरी पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप अनियंत्रित होकर खेत में उतरकर पलट गई।
वहीं चालक असलम खान (30) निवासी मंदसौर भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मंदसौर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। परिजनों के अनुसार तीनों रविवार सुबह समूह ऋण की जानकारी लेने प्रतापगढ़ आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। मृतक गुड्डू के यहां एक दिन पूर्व ही पुत्र का जन्म हुआ था, जिससे परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं। जीवन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे, उनके परिवार में दो पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने तीनों शवों को चिकित्सालय की शवगृह में रखवाया है।

Comment List