
राष्ट्रमंडल खेलों में मनप्रीत सिंह करेंगे हॉकी टीम की कप्तानी
भारत पूल बी में, पहला मुकाबला 31 जुलाई को घाना से
बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा सोमवार को की। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत को इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ पूल बी में रखा गया है। भारत का पहला मैच 31 जुलाई को घाना के विरुद्ध होगा।
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने 29 जुलाई से बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा सोमवार को की। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत को इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ पूल बी में रखा गया है। भारत का पहला मैच 31 जुलाई को घाना के विरुद्ध होगा। टीम की कप्तानी मनप्रीत सिंह करेंगे जो अपनी कप्तानी में पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक जिता चुके हैं। टीम में अनुभवी गोलकीपर के साथ कृष्ण बी पाठक को शामिल किया गया है, जो चोट से उबर कर टीम में वापसी कर रहे हैं। डिफेंडर वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और जरमनप्रीत सिंह को टीम में जगह दी गई है। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और नीलकांत शर्मा का अनुभव शामिल है। साथ ही मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह और अभिषेक जैसे अनुभवी स्ट्राइकर अगला मोर्चा संभालेंगे।
गोल्ड कोस्ट में चौथे स्थान पर रहा भारत
गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत चौथे स्थान पर रहा था। इस साल एफआईएच प्रो लीग में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद उम्मीद की जा रही है कि भारतीय टीम बर्मिंघम में सफलता का परचम लहराएगी।
कोच रीड को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने टीम चयन के बारे में कहा कि हमने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए आजमाई हुई टीम चुनी है। इन खिलाड़ियों के पास एफआईएच प्रो लीग में शीर्ष टीमों के खिलाफ दबाव वाले मैच खेलने का अनुभव है, जो हमारे लिए राष्ट्रमंडल खेलों से पहले महत्वपूर्ण रहा। रीड ने कहा कि नीदरलैंड से घर लौटकर एक अंतराल के बाद हम भारतीय खेल प्राधिकरण, बेंगलुरू में अपना कैम्प पुन: शुरू करेंगे।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List