राजनाथ सिंह ने की एयरो इंडिया शो की तैयारियों की समीक्षा
एयर शो से संबंधित जानकारी दी
वायु सेना के स्टेशन येलाहंका में इस एयर शो का 35 हजार वर्ग मीटर में आयोजन किया जा रहा है और इसके लिए 731 कंपनियों ने पंजीकरण कराया है। एयरो इंडिया का थीम एक अरब अवसरों का रनवे है।
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अगले महीने 13 से 17 तारीख तक बेंगलुरू में होने वाले एयरो इंडिया शो की तैयारियों की समीक्षा की। एयरो इंडिया का आयोजन कर रही शीर्ष समिति की बैठक में सिंह को 5 दिन के इस एयर शो से संबंधित जानकारी दी गयी। एशिया के सबसे बड़े एयर शो एयरो इंडिया का यह 14 वां संस्करण है, जिसका आयोजन 35 हजार वर्ग मीटर में किया गया है। उन्होंने सभी पक्षधारकों से प्रतिभागियों के लिए हर तरह से पुख्ता तैयारी करने को कहा। सिंह ने कहा कि एयरो इंडिया केवल एक आयोजन भर नहीं होगा, बल्कि यह देश की रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में बढती ताकत और मजबूत तथा आत्मनिर्भर नये भारत के उदय की झलक होगी।
वायु सेना के स्टेशन येलाहंका में इस एयर शो का 35 हजार वर्ग मीटर में आयोजन किया जा रहा है और इसके लिए 731 कंपनियों ने पंजीकरण कराया है। एयरो इंडिया का थीम एक अरब अवसरों का रनवे है। इसके अलावा रक्षा मंत्रियों का सम्मेलन होगा तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की गोलमेज बैठक भी होगी। एयर इंडिया के दौरान बंधन समारोह का भी आयोजन किया जायेगा। इसके दौरान अनेक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये जायेंगे। इसके अलावा शो के सभी पांचों दिन एयर शो भी किया जायेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी इस बदलाव का सबसे बड़ा वाहक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न देशों के साथ संबंधों को मजबूत बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है।
Comment List