सुधांश पंत ने परिवहन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
सहकार मार्ग स्थित परिवहन भवन पहुंचे
दौरे के दौरान परिवहन भवन के ऑफिस में कर्मचारियों-अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
जयपुर। अपनी करीब 32 साल की नौकरी में समय पालन के लिए विख्यात रहने वाले प्रदेश के मुख्य सचिव सुधांश पंत एक्शन मोड़ पर है। परिवहन आयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण करने वाले मुख्य सचिव पंत ने प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी को संदेश दे दिया कि दफ्तरों में लेटलतीफी को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर की जाएगी। मुख्य सचिव सुबह करीब दस बजे औचक निरीक्षण करने जयपुर के सहकार मार्ग स्थित परिवहन भवन पहुंचे। यहां उन्होंने एक-एक अधिकारी के चैंबर का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ अधिकारी गायब मिले। जो कुछ देर बाद ही आॅफिस पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों-अधिकारियों की उपस्थिति और उनके टेबल पर रखी फाइलों को देखा। पंत अपने साथ कई फाइलें ले गए। यहां करीब सवा घण्टा रुक कर निरीक्षण किया। कई अधिकारी इस दौरान मौजूद नहीं थे। दौरे के दौरान परिवहन भवन के ऑफिस में कर्मचारियों-अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
प्रदेश में सुशासन लाने का कर रहे प्रयास
पंत ने निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि सुशासन लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। बहुत बड़ा तंत्र है। थोड़ा समय लगता है। हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं। मुझे आशा है कि बहुत जल्द सुधार आएगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों का स्पष्ट विजन है। सरकारी काम तेज गति से, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से निपटना चाहिए। बहुत बड़ा सरकारी तंत्र है। उनमें कई विभाग और कार्यालय होते हैं। इन सभी जगहों पर एक गुड गवर्नेंस स्थापित हो पाए। इसी दिशा में काम करने को लेकर सभी अधिकारी लगे हैं।
Comment List