महंगा हुआ हवाई सफर! इंडिगो ने बढ़ाया ईंधन शुल्क, घरेलू उड़ानों पर अब 1,300 रुपए तक देना होगा शुल्क
विमान ईंधन की कीमतों में 14% वृद्धि के बाद ईंधन शुल्क बढ़ाने का निर्णय
नई दिल्ली। यात्री संख्या के लिहाज से देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने 06 अक्टूबर से हवाई किराये में ईंधन शुल्क बढ़ाने की घोषणा की है। यात्रियों की संख्या के आधार पर घरेलू एयरलाइंस में करीब 65 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण ईंधन शुल्क में संशोधन की आवश्यकता हुई है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों मार्गों पर शुल्क बढ़ाए गए हैं।
घरेलू मार्गों पांच किलोमीटर तक की उड़ान के लिए ईंधन शुल्क बढ़ाकर 375 रुपये कर दिया गया है। पहले यह 275 रुपये था जो 02 अप्रैल से लागू किया गया था। इसी प्रकार 501 किमी से 1,000 किमी के लिए ईंधन शुल्क 400 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये किया गया है। यात्रियों को 1,001 किमी से 1,500 किमी तक की उड़ान के लिए 900 रुपये ईंधन शुल्क भरना पड़ेगा। पहले यह 600 रुपये था। एयरलाइंस ने 1,501 किमी से 2,000 किमी तक के लिए ईंधन शुल्क 800 रुपये से बढ़ाकर1,150 रुपये और दो हजार किमी से ऊपर के लिए 950 रुपये बढ़ाकर 1,300 रुपये कर दिया है।
इंडिगो ने बताया कि दक्षेस क्षेत्र की 500 किमी तक की उड़ानों पर 1,000 रुपये और इससे अधिक दूरी पर 3,000 रुपये ईंधन शुल्क देना होगा। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों, खाड़ी परिषद् के देशों तथा पश्चिम एशियाई देशों और उत्तर एवं पूर्वी एशियाई देशों की उड़ानों पर 5,500 रुपये का ईंधन शुल्क तय किया गया है। अफ्रीकी देशों को जाने वाली उड़ानों के किराये में 6,000 रुपये प्रति यात्री और यूरोपीय देशों की उड़ानों के किराये में 10,000 रुपये का ईंधन शुल्क देय होगा।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण को विमान ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि को देखते हुए विमान सेवा कंपनियों में ईंधन शुल्क लगाने/बढ़ाने का फैसला किया था। विमान सेवा कंपनियों की कुल लागत में करीब 40 प्रतिशत हिस्सा इसी मद में खर्च होता है। इंडिगो के बयान में कहा गया है कि पिछले एक महीने में विमान ईंधन की कीमत 14 प्रतिशत से अधिक बढ़कर एक दशक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। उसका कहना है कि उसने बढ़ी कीमतों का पूरा भार यात्रियों पर नहीं डाला है उसका एक बड़ा बोझ खुद वहन कर रही है।

Comment List