पेपर लीक गैंग पर CBI ने कसा शिकंजा : नीट मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 13 आरोपी सलाखों के पीछे
रसायन व भौतिक विज्ञान प्रश्न लीक में भूमिका का आरोप
सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल संख्या 13 कर दी है। लातूर के डॉक्टर मनोज शिरुरे और पुणे के कोचिंग फैकल्टी तेजस शाह की गिरफ्तारी हुई। दोनों पर रसायन व भौतिक विज्ञान प्रश्न लीक में भूमिका का आरोप है। 49 जगह छापेमारी कर लैपटॉप-मोबाइल जब्त, जांच जारी है।
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्न पत्र लीक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस मामले में गिरफ्तार किए गये लोगों की कुल संख्या 13 हो गयी है। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि नीट-यूजी 2026 प्रश्न लीक मामले में डॉ. मनोज शिरुरे नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो लातूर का रहने वाला एक डॉक्टर है। उसने एक कोचिंग सेंटर के मालिक (जो खुद आरोपी है) के बेटे सहित तीन छात्रों को आरोपी पी.वी. कुलकर्णी से रसायन विज्ञान के प्रश्न पत्र दिलाने में अहम भूमिका निभायी थी।
गिरफ्तार किया गया दूसरा आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह है, जो पुणे स्थित एक कोचिंग सेंटर, डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी (एपीएमए) में भौतिक विज्ञान का संकाय है। उसे नीट-यूजी 2026 परीक्षा के लीक हुए भौतिक विज्ञान के प्रश्न गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे। इस मामले में पूरी कड़ी और साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है। सीबीआई ने अब तक 49 जगहों पर तलाशी ली है और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त की गईयीची•ाों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि सीबीआई ने यह मामला 12 मई, को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा दी गयी लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया था, जो नीट -यूजी 2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक से संबंधित थी। मामला दर्ज होने के तुरंत बाद, विशेष टीमें गठित की गयीं और देश भर में विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली गयी। साथ ही कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की गयी।
अब तक इस मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विभिन्न विशेष टीमें आपस में तालमेल बिठाकर जांच को आगे बढ़ा रही हैं। जांच में रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और भौतिक विज्ञान के उन प्रश्नों के लीक होने के असली स्रोत का पता चला है, जिन्हें परीक्षा से पहले ही प्रसारित कर दिया गया था।

Comment List