रूस ने यूक्रेन पर दागीं 70 से ज्यादा मिसाइलें, 11 लोगों की मौत
ऊर्जा और सैन्य प्रतिष्ठानों को बनाया निशाना
कीव। रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों में सैन्य और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमलों में जमीन, समुद्र और हवा से दागे जाने वाले हथियारों के साथ ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। मंत्रालय ने कीव समेत चेर्निहाइव, किरोवोहराद, निप्रॉपेट्रोव्स्क, पोल्टावा और खार्किव क्षेत्रों में सैन्य-औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर करीब 70 मिसाइलें और ड्रोन दागे गए। इन हमलों में देशभर में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है। जेलेंस्की ने कहा कि ऊर्जा प्रतिष्ठान हमलों के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल थे। उन्होंने रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को यूक्रेन के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियों की आवश्यकता जताई।

Comment List