कांग्रेस का भविष्य सेवानिवृत्ति की ओर अग्रसर, नरेन्द्र मोदी फिर बनेंगे प्रधानमंत्री: तिवाड़ी
सूचना केंद्र से नया बाजार तक शक्ति प्रदर्शन
अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी चौथा चुनाव भी जीतेगी और नरेन्द्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे, वहीं कांग्रेस का भविष्य अब सेवानिवृत्ति की ओर अग्रसर है। तिवाड़ी गुरुवार को अजमेर में भाजपा की ओर 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' जनजागरण पदयात्रा में शामिल होते हुए पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जो अराजकता का माहौल बनाया और निष्पक्ष चुनाव आयोग पर ऊंगली उठा रही है। उसके जवाब में भाजपा भी जनता के बीच जाकर भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी का खून कांग्रेस की नसों में है और वे उल्टा ही जनता को वोट चोरी के नाम पर गुमराह कर रहे है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लेते हुए तिवाड़ी ने कहा कि वह विदेशी ताकतों के हाथ में खेलते हुए देश में राजनीति कर रहे है, जिसे कभी सफल नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर एक अखबार की खबर को आधार बनाकर भीड़तंत्र द्वारा जन्तर-मंतर, आकाशवाणी और उच्चतम न्यायालय में जो माहौल बनाया, उसका जवाब आगे उच्चतम न्यायालय ही देगा, लेकिन हमें, भारत में लोकतंत्र काे बचाना है।
अजमेर भाजपा कि यह जनजागण पदयात्रा सूचना केंद्र अग्रसेन सर्किल से शुरु होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई नया बाजार राजकीय संग्रहालय पहुंचकर समाप्त हुई जिसमे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। पदयात्रा में सांसद घनश्याम तिवाड़ी के अलावा पुष्कर से मंत्री सुरेशसिंह रावत, विधायक वीरसिंह कानावत, मंत्री का दर्जा प्राप्त ओमप्रकाश भडाणा, महापौर अनामिका शर्मा, पूर्व मंत्री श्रीकिशन सोनगरा, पूर्व जिलाप्रमुख पुखराज पहाड़िया, भाजपा नेता मिथलेश गौतम, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, अजमेर देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापत और अन्य विधायक-पार्षद मौजूद रहे।

Comment List