आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुर्जर समाज अड़ा: धरना देकर किया प्रदर्शन, पुलिस अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी का दिलाया भरोसा
अजमेर: पूर्व सरपंच की मौत पर उबाल, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अतिक्रमण विरोध के दौरान वाहन से कुचले गए डुमाणा के पूर्व सरपंच गोविंद राम गुर्जर की मौत के बाद तनाव फैल गया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने दो दिन में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर धरना समाप्त किया।
अजमेर। मांगलियावास थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह अतिक्रमण का विरोध करने पर नाराज आरोपित द्वारा बोलेरो चढ़ाने से घायल हुए ग्राम डुमाणा के पूर्व सरपंच गोविंद राम गुर्जर की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। जिससे गुर्जर समाज के लोगों और उनके समर्थको में भारी रोष व्याप्त हो गया। जिन्होंने जेएलएन अस्पताल पर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना देकर प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तार नहीं किए जाने तक शव को भी लेने से इनकार कर दिया।
इस पर पुलिस अधिकारी भी सकते में आ गए और अस्पताल पहुंच कर समझाइश करने लगे। वहीं गुर्जर समाज के जनप्रतिनिधि सहित देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश बढ़ाना भी अस्पताल पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। मामले को बढ़ता देख एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़, सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, सीओ नॉर्थ शुभम जोशी, पीसांगन थाना प्रभारी सरोज सहित अन्य थानों के अधिकारी के भी अस्पताल पहुंच गए और समझाइश की पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है की मुख्य आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था
। जबकि शेष आरोपियों को दो दिन के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण के संबंध में प्रशासन की एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके संबंध में कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रामीण की अन्य मांगे मानने का भरोसा दिलाया। जिस पर वह पोस्टमार्टम के लिए सहमत हो गए। उसके बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जिसे लेकर वह ग्राम डुमाणा के लिए रवाना हो गए।

Comment List