आम आदमी पार्टी राजस्थान ने पंचायत राज चुनाव 2026 के लिए 60 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, विश्वेन्द्र सिंह ने कहा-जनसरोकार के मुद्दों के साथ लड़ेगी चुनाव
15 जिला परिषद और 45 पंचायत समिति सीटों पर आप उम्मीदवारों के नामों का ऐलान
जयपुर। आम आदमी पार्टी राजस्थान ने आगामी पंचायत राज चुनाव 2026 के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में कुल 60 नाम शामिल हैं, जिनमें 15 जिला परिषद और 45 पंचायत समिति प्रत्याशी हैं। प्रदेश महासचिव संगठन विश्वेन्द्र सिंह ने जयपुर में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूची जारी करते हुए कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में संगठनात्मक तैयारी और जनसरोकार के मुद्दों के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पंचायत स्तर पर मजबूत व जवाबदेह नेतृत्व खड़ा करने को प्राथमिकता बताया। विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य गांव, ढाणी और पंचायत स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों को मजबूत करना है।
उन्होंने पंचायत राज संस्थाओं को ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई बताते हुए कहा कि इन्हें मजबूत किए बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं।पार्टी आने वाले दिनों में संगठन को सक्रिय कर अधिक क्षेत्रों में प्रत्याशी उतारेगी तथा अगली सूचियां भी जारी करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील धायल, जयपुर जिला अध्यक्ष अमित दाधीच सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Comment List