उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 में एक और प्रोबेशनर उप निरीक्षक गिरफ्तार
अब तक 54 एसआई समेत 118 गिरफ्तार
आरोपी सत्येन्द्र सिंह यादव पुत्र ईश्वर सिंह यादव, निवासी खापरिया, तसींग बहरोड़ सदर, हाल गणपति विहार द्वितीय सिरसी रोड, बिंदायका ने परीक्षा में हिंदी में 178.83 अंक और सामान्य ज्ञान में 160.33 अंक, कुल 339.16 अंक प्राप्त किए और मेरिट में 12वें स्थान पर चयनित हुआ।
जयपुर। राजस्थान में चर्चित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में एटीएस और एसओजी को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक और प्रोबेशनर उप निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी सत्येन्द्र सिंह वर्तमान में जयपुर ग्रामीण की पुलिस लाइन में पदस्थ है। वह राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर में प्रशिक्षणरत था। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एटीएस-एसओजी वीके सिंह ने बताया कि प्रकरण में अनुसंधान एवं गप्त सूचना के आधार पर यह खुलासा हुआ कि सत्येन्द्र सिंह यादव ने 15 सितंबर 2021 को हुई लिखित परीक्षा के पहले पेपर लीक गिरोह से हल किया गया प्रश्नपत्र पढ़कर परीक्षा दी थी, जिससे वह अवैध रूप से उपनिरीक्षक के पद पर चयनित हुआ। आरोपी सत्येन्द्र सिंह यादव पुत्र ईश्वर सिंह यादव, निवासी खापरिया, तसींग बहरोड़ सदर, हाल गणपति विहार द्वितीय सिरसी रोड, बिंदायका ने परीक्षा में हिंदी में 178.83 अंक और सामान्य ज्ञान में 160.33 अंक, कुल 339.16 अंक प्राप्त किए और मेरिट में 12वें स्थान पर चयनित हुआ।
दोबारा ली गई परीक्षा में प्रदर्शन कमजोर
एसओजी ने जांच के दौरान आरपीए जयपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एसआई प्रशिक्षुओं की लिखित परीक्षा उन्हीं प्रश्नों के आधार पर पुन: आयोजित की। इसमें सत्येन्द्र सिंह का प्रदर्शन बेहद खराब पाया गया और पहली परीक्षा के अंकों से भारी अंतर मिला, जिससे उसकी वास्तविक योग्यता पर संदेह हुआ। इतना ही नहीं, आरोपी ने पहले भी एसआई भर्ती परीक्षा 2016, पटवारी परीक्षा 2016 और आरएएस प्री 2018 की परीक्षा दी थी, परंतु सभी में विफल रहा था। शैक्षणिक रिकॉर्ड भी सामान्य है। 10वीं में 55% 12वीं में 59%और स्नातक में 57% अंक प्राप्त किए। अब तक इस प्रकरण में 54 उप निरीक्षक सहित कुल 118 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Comment List