असम-केरल विधानसभा चुनाव : कांग्रेस के भंवर सिंह और पायलट की प्रतिष्ठा दांव पर, चुनाव परिणाम तय करेंगे दोनों नेताओं का भविष्य
सियासी कद बढ़ सकता है
राज्यों के चुनाव में कांग्रेस के लिए असम और केरल खास हैं, जहां राजस्थान के भंवर जितेंद्र सिंह और सचिन पायलट की साख दांव पर है। टिकट वितरण से लेकर रणनीति तक दोनों की अहम भूमिका रही। जीत मिली तो कद बढ़ेगा, हार हुई तो जिम्मेदारी तय होगी। कांग्रेस को एंटी-इनकंबेंसी से सत्ता वापसी की उम्मीद है।
जयपुर। केंद्रीय चुनाव आयोग के 5 राज्यों में चुनाव की घोषणा के बाद असम-केरल में कांग्रेस के दो प्रभारी राजस्थान से भंवर जितेंद्र सिंह और सचिन पायलट की प्रतिष्ठा इन चुनावों में दांव पर है। भंवर जितेंद्र सिंह, जहां असम के प्रभारी हैं, वहीं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट केरल विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ पर्यवेक्षक के तौर पर कामकाज देख रहे हैं। ऐसे में इन राज्यों के चुनाव परिणाम इन दोनों नेताओं का भविष्य तय करेंगे। असम में जितेंद्र सिंह और केरल में सचिन पायलट की चुनाव प्रबंधन और टिकट वितरण में जमकर चली है. इन्हीं की सलाह पर प्रत्याशियों के टिकट तय किए गए हैं. ऐसे में अगर इन राज्यों में पार्टी की हार होती है तो इसकी जिम्मेदारी इन नेताओं की होगी और जीत होती है, तो इनका सियासी कद बढ़ सकता है।
जितेंद्र सिंह राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं और वह 2004 से लगातार एआईसीसी में अलग-अलग पदों पर रहे हैं। 2009 में वह अलवर से सांसद चुने गए थे और केंद्र में मंत्री रहे थे, लेकिन उसके बाद 2014 और 2019 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री रहे सचिन पायलट भी छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं। गौरतलब है कि असम और केरल में कांग्रेस 10 साल से सत्ता से बाहर है. असम में जहां भाजपा की सरकार है, वहीं केरल में वाम दल की सरकार है. कांग्रेस को दोनों राज्यों में इस बार एंटी-इनकंबेंसी से उम्मीद है कि इन राज्यों में कांग्रेस का वनवास खत्म हो सकता है।

Comment List