नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार
घटना की जानकारी परिजन को लगने के बाद आरोपी मौके से फरार
जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का प्रयास कर फरार हुए आरोपी को तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया
जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का प्रयास कर फरार हुए आरोपी को तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश फरार होने की कोशिश में था, जिसे पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड से धर दबोचा।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 29 जुलाई 2025 को एक व्यक्ति ने जयसिंहपुरा खोर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ आरोपी ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म का प्रयास किया और छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी परिजन को लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. दुर्गसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एसीपी आमेर भोपाल सिंह भाटी, थानाधिकारी मुकेश कुमार, कांस्टेबल दिनेश कुमार, डूंगरसी, शंकर राम, रमेश चंद और सायबर सेल के नन्छूराम को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी का पीछा किया। आरोपी जयपुर से उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।

Comment List