भाजपा की चुनावी बैठक : विकास-सुशासन मुद्दा होगा, बूथ से लेकर चेहरों के मापदंड पर हुआ मंथन
सीएम भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय चुनाव समिति व प्रदेश चुनाव समन्वय समिति के सदस्य रहे मौजूद
जयपुर। आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को केन्द्रीय चुनाव समिति सदस्यों, प्रदेश चुनाव समन्वय समिति सदस्यों के साथ सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने बैठक की। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, प्रत्याशी चयन, चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर मंथन किया गया। पार्टी ने विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर निकाय चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति बनाई। बैठक में केन्द्रीय चुनाव समिति के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद संगीता यादव, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता सहित अन्य नेता और निकाय चुनाव से जुड़ी संभाग टीमों के पदाधिकारी थे।
सिर्फ घोषणा नहीं...योजनाओं-कामों को जमीन पर उतारा : भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में राजस्थान को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिला सशक्तीकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। राज्य में 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी। जल आवश्यकताओं को देखते हुए यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए। प्रदेश में निवेश का वातावरण भी मजबूत हुआ है। लगभग 35 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपए के निवेश धरातल पर उतारे हैं। सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। निकाय चुनाव में पार्टी इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
संगठन चुनाव के लिए तैयार, चेहरे जनता मुताबिक : मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी का संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है और आगामी निकाय चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक तैयारी पूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन में स्थानीय स्तर पर जनता के बीच प्रभाव, संगठन के प्रति समर्पण और जनता के विश्वास को प्राथमिकता दी जाएगी। युवा, महिला और कमजोर वर्गों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। भाई भतीजावाद, पक्षपात की कोई जगह नहीं होगी। जनाकांक्षा के अनुरूप और जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

Comment List