पंचायत चुनाव में खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, कई जगह पथराव और मारपीट
कई प्रत्याशी और समर्थक घायल
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए हो रहे मतदान के बीच कई जिलों में हिंसा, मारपीट और पथराव की घटनाओं ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। झुंझुनूं के नवलगढ़ क्षेत्र के देलसर गांव में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुए खूनी संघर्ष में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। वहीं चित्तौड़गढ़, सीकर और बालोतरा सहित कई जिलों में प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। हालात नियंत्रित करने के लिए कुछ स्थानों पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
देलसर में लाठी-डंडों से हमला, एक की मौत
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र के देलसर गांव में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और मारपीट हुई। संघर्ष में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है तथा कई वाहनों को भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बस्सी में दो पक्ष भिड़े, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष का सिर फूटा
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की बस्सी ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने झड़प का रूप ले लिया। हंगामे की सूचना पर एसडीएम दिलीप सिंह और थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ा।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल चौबे ने आरोप लगाया कि सरपंच प्रत्याशी अनीता जागेटिया के प्रतिनिधि रतनलाल जागेटिया ने उन्हें धमकी देकर दूसरे प्रत्याशी आशा व्यास के समर्थन में प्रचार करने से मना किया था। चौबे के अनुसार, मतदान के दौरान जब वह आशा व्यास के साथ मौजूद थे, तब दूसरे पक्ष के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। पथराव में उनके सिर पर चोट आई। हालांकि, इस मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है।
सीकर में गाड़ी पर पथराव, प्रत्याशी के साथ मारपीट
सीकर जिले के सामी गांव में मतदान के दौरान गांव से गुजर रही एक गाड़ी पर ग्रामीणों ने पत्थर फेंक दिए। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर पुलिस टीम और धोद एसडीएम राहुल मल्होत्रा मौके पर पहुंचे तथा हालात को नियंत्रित किया। इसी जिले की भोज्या की ढाणी पंचायत में सरपंच प्रत्याशी अरुण पारीक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि प्रतिद्वंद्वी किशोर कुमार कुमावत और उसके करीब 50 समर्थकों ने अरुण पारीक के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गए।
बालोतरा में वोटों को लेकर विवाद, धक्का-मुक्की
बालोतरा जिले की गुड़ामालानी पंचायत समिति के जुगतानियों की ढाणी मतदान केंद्र के बाहर वोटों को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामला शांत कराया।
दौसा में एक फीट लंबाई वाले मतदाता ने डाला वोट
दौसा जिले के सैंथल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर नसीबन खां (28) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नरेश विजय के अनुसार नसीबन खां की लंबाई करीब एक फीट है। मतदान केंद्र पर उनका वोट डालना भी चर्चा का विषय रहा।
चूरू में नहीं हुआ सरपंच पद का चुनाव
चूरू जिले की राजगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लुदी झाबर में सरपंच पद के लिए केवल एक नामांकन दाखिल हुआ था, लेकिन जांच के दौरान प्रत्याशी का नामांकन निरस्त हो गया। इसके बाद चुनाव मैदान में कोई उम्मीदवार नहीं बचा। ऐसे में यहां सरपंच पद के लिए मतदान नहीं कराया गया।
27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान
राजस्थान में तीसरे चरण के तहत प्रदेश के 27 जिलों की 116 पंचायत समितियों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान के लिए प्रदेशभर में 11,869 केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक कई पंचायतों के परिणाम सामने आने की उम्मीद है। शुक्रवार को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
पंचायत चुनाव के दौरान अलग-अलग जिलों में सामने आई हिंसक घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी प्रतिस्पर्धा के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ा दी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें संवेदनशील स्थानों पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Comment List