लो जी चुन लो...अपने शहरों की सरकार, पहली बार सभी निकायों में कराए जा रहे हैं एक साथ चुनाव
09 और 11 सितम्बर को होगा मतदान
जयपुर। प्रदेश में सभी 309 निकायों के 10245 वार्डों के चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। इसके लिए 27 अगस्त को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन पत्रों का दाखिला शुरू हो जाएगा। मतदान नौ सितम्बर और 11 सितम्बर को कराया जाएगा। मतों की गिनती 14 सितम्बर को कराई जाएगी। मतदान के लिए 16465 केन्द्र बनाए गए हैं। नगर निगमों के महापौरों, नगर परिषदों के सभापतियों और नगर पालिकाओं के अध्यक्षों के लिए 21 सितम्बर को मतदान होगा ओर उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को निकाय संस्थाओं के चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया। इसके साथ इन इन निकायों के क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। सभी निकायों में मतदान इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से कराए जाएंगे। इन चुनावों में प्रदेश के सभी 41 जिलों में स्थित निकायों में कुल एक करोड़, 44 लाख, तीन हजार 853 मतदाता हैं। सबसे ज्यादा 24 लाख 20 हजार 839 मतदाता नगर निगम जयपुर और सबसे कम 4744 मतदाता नगर पालिका इन्द्रगढ़ में अपने मतों का प्रयोग करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में एक राज्य, एक चुनाव के तहत नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कराए जाएंगे। राज्य के 309 निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। इन निकायों में 10, नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाएं शामिल है। उन्होंने बताया कि पहले चरण के लिए नौ सितम्बर और दूसरे चरण के लिए 11 सितम्बर को मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों के चुनाव के लिए 27 अगस्त को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र प्रस्तुत करना शुरू हो जाएगा। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। दूसरे दिन एक सितम्बर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 3 सितम्बर को अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्र वापिस लिए जा सकेंगे। सभी उम्मीदवारों को चार सितम्बर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। पहले चरण में मतदान 9 सितम्बर को कराया जाएगा। दूसरे चरण में मतदान 11 सितम्बर को कराया जाएगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। दोनों चरणों के मतों की गिनती 14 सितम्बर को कराई जाएगी। पहले चरण में 168 निकायों के 5550 वार्डों और दूसरे चरण में 141 निकायों के 4695 वार्डों में चुनाव कराए जाएंगे। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में भीलवाड़ा, भरतपुर, अलवर तथा पाली और दूसरे चरण में अजमेर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर एवं कोटा नगर निगमों के चुनाव होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि निकाय अध्यक्षों के चुनाव के लिए 15 सितम्बर को अधिसूचना जारी की जाएगी। दूसरे दिन 16 सितबर तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। दूसरे दिन 17 सितम्बर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 18 सितम्बर को अपरांह तीन बजे तक उम्मीदवारी वापिस ली जा सकेंगी। उसी दिन शेष बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। नगर निगामें में महापौर, नगर परिषदों में सभापति और नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितम्बर को कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित किया गया है। मतों की गिनती भी उसी दिन मतदान क तुरंत बाद कराई जाएगी। इन निकायों में उपाध्यक्षों यानी की उप महापौर, उप सभापति और उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितम्बर को कराया जाएगा।

Comment List