दिया कुमारी ने ग्रीन फिट हाफ मैराथन सीजन-तृतीय को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान की सराहना की
जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को आयोजित ग्रीन फिट हाफ मैराथन सीजन-3 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फिटनेस, वेलनेस और हरियाली भरी धरती का संदेश लेकर आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में धावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर दिया कुमारी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस पर पूरा ध्यान रखने के लिए कहते रहे और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया और देश में जागरूकता बढ़ी भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ही देन है कि आज हम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने लगे हैं। पीएम मोदी ने योग, स्वास्थ्य, आयुर्वेद के प्रति बहुत ध्यान दिया और इसी कारण आज लोगों का इसके प्रति रुझान बढ़ा है।
इससे पहले दिया कुमारी ने विद्याधर नगर स्थित सन एंड मून कॉम्प्लेक्स के पास से मैराथन को रवाना किया और इस दौरान हर उम्र के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 'रन फॉर ए ग्रीनर अर्थ' का संदेश दिया। मैराथन में पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गयी। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित भूमि के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Comment List