डोटासरा का आरोप- पार्षदों को वोट से रोक रही सरकार, जूली बोले- मुकाबला पुलिस से
डोटासरा का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला
जयपुर। नगर निकायों के सभापति-अध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने देर रात भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को मतदान से रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन का दुरुपयोग हो रहा है। डोटासरा ने वीडियो संदेश में डीजीपी से अपील की कि पुलिस का मनोबल न गिराएं और सभी निर्वाचित पार्षदों को बिना दबाव के वोट डालने का अवसर दें।उन्होंने दावा किया कि तिजारा के 18 पार्षदों को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के इशारे पर हरियाणा सीमा पर हिरासत में लिया गया। पूर्व विधायक संदीप यादव भी हिरासत में हैं। कुचेरा और बीकानेर में पार्षदों ने गिरफ्तारी रोकने के लिए अदालत से स्टे लिया। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में गुजरात मॉडल लागू किया जा रहा है- पहले वोट रोकें, फिर बाड़े में सौंप दें।।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी कहा कि कांग्रेस का मुकाबला भाजपा से नहीं, पुलिस-प्रशासन से हो रहा है। भाजपा तो तीसरा मोर्चा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी पुलिस के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए डटकर मुकाबला करने की अपील की।

Comment List