18 साल बाद भी जयपुर बम ब्लास्ट पीड़ितों को इंसाफ का इंतजार, दोषियों को कड़ी सजा और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय देने की मांग तेज
आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
वर्ष 2008 में जयपुर को दहला देने वाले सिलसिलेवार बम धमाकों की बरसी पर जयपुर व्यापार महासंघ ने पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठाई। आतंकी हमले जयपुर के इतिहास का काला अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
जयपुर। वर्ष 2008 में जयपुर को दहला देने वाले सिलसिलेवार बम धमाकों की बरसी पर जयपुर व्यापार महासंघ ने पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठाई है। महासंघ के महामंत्री सुरेश सैनी ने कहा कि 13 मई 2008 को जोहरी बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार और चांदपोल बाजार में हुए आतंकी हमले जयपुर के इतिहास का काला अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इन कायराना धमाकों में सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान चली गई थी और अनेक परिवार हमेशा के लिए बिखर गए।
घटना को 18 वर्ष बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है। सुरेश सैनी ने सरकार और न्यायपालिका से मांग करते हुए कहा कि बम ब्लास्ट के शेष दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को और अधिक सख्ती से लागू करने की आवश्यकता भी जताई। जयपुर व्यापार महासंघ ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और दोषियों को फांसी से कम कोई सजा स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।

Comment List