भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार कार रेलिंग से टकराई, ड्राइवर के सीने से पार निकला लोहे का एंगल ; मौके पर मौत
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लापरवाही की ओर इशारा
मुरलीपुरा क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक सफेद कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डिवाइडर की लोहे की रेलिंग का भारी एंगल कार के शीशे को चीरता हुआ ड्राइवर के सीने से आर-पार निकल गया।
जयपुर। मुरलीपुरा क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक सफेद कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डिवाइडर की लोहे की रेलिंग का भारी एंगल कार के शीशे को चीरता हुआ ड्राइवर के सीने से आर-पार निकल गया।घटना की जानकारी पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब पौने तीन बजे मिली, जब मुरलीपुरा थाने से सूचना आई कि केडिया पैलेस चौराहे के पास एक्सीडेंट हो गया है। सूचना पर एक्सीडेंट थाने के हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्थल विनायक ग्रुप बिल्डिंग के पास पेट्रोल पंप के सामने दादी का फाटक से मुरलीपुरा की ओर आने वाली सड़क पर था। कार रोड के बीच बनी लोहे की रेलिंग और जाली से टकराकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोहे का एंगल चालक के शरीर में फंस गया था।
मौके पर मुरलीपुरा पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और बड़ी संख्या में भीड़ जमा थी। घायल चालक को कटर मशीन से एंगल काटकर बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस से कांवरिया अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चालक आनंद सिंह शेखावत पुत्र वीरेंद्र सिंह शेखावत, जाति राजपूत, उम्र 28 वर्ष, निवासी प्लॉट नंबर 164, सुंदर विहार, कालवाड़ रोड, थाना करधनी, जयपुर को मृत घोषित कर दिया। कार में उनके साथ मौजूद शक्ति प्रताप पुत्र भवानी सिंह, जाति राजपूत, उम्र 32 वर्ष, निवासी देवधारा कॉलोनी, मुरलीपुरा, जयपुर को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित रहे।क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से रोड नंबर 14 क्रेन हाउस पर सुरक्षित खड़ी कराई गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।पुलिस जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। यह घटना एक बार फिर शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और लापरवाही की ओर इशारा करती है।

Comment List