जयपुर में 33 हजार केवी लाइन पर चढ़ा युवक, करंट से झुलसा; कॉन्स्टेबल ने जान जोखिम में डालकर बचाया
गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में कराया भर्ती
जयपुर। जयपुर में रविवार सुबह शराब के नशे में एक युवक 33 हजार केवी की बिजली लाइन वाले पोल पर चढ़ गया। इस दौरान करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और पोल पर ही फंस गया। जान बचाने के लिए युवक की गुहार सुनकर मौके पर पहुंचे खोराबीसल थाने के कॉन्स्टेबल सुनील कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा। घायल युवक को एम्बुलेंस की सहायता से कांवटिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पोल पर फंसकर मदद के लिए चिल्लाता रहा युवक पुलिस ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 7:45 बजे यह घटना हुई। शराब के नशे में एक युवक बिजली के पोल पर चढ़ गया। इसी दौरान वह 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसका शरीर झुलस गया और वह पोल पर ही अटक गया। युवक को इस हालत में देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
कॉन्स्टेबल ने जोखिम उठाकर किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर खोराबीसल थाने की चेतक पर तैनात कॉन्स्टेबल सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। पोल पर फंसा युवक लगातार मदद की गुहार लगा रहा था। उसकी जान बचाने के लिए कॉन्स्टेबल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। इस दौरान दो से तीन स्थानीय लोग भी पोल पर चढ़े और रस्सी की मदद से झुलसे युवक को नीचे उतारा गया।
अधजली हालत में अस्पताल पहुंचाया
रेस्क्यू के बाद घायल युवक को एम्बुलेंस से कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती करवाया गया। घटना के दौरान कॉन्स्टेबल सुनील कुमार और स्थानीय लोगों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए जोखिम उठाया।

Comment List