बजट घोषणाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश : शासन सचिव शुचि त्यागी ने पर्यटन, देवस्थान और कला-संस्कृति विभागों की प्रगति समीक्षा बैठक
संबंधित विभागों और एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया
जयपुर। पर्यटन विभाग, देवस्थान विभाग एवं कला, साहित्य, संस्कृति और पुरातत्व विभाग से संबंधित वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति को लेकर शासन सचिव शुचि त्यागी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
शासन सचिव ने निर्देश दिए कि सभी बजट घोषणाओं को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों में एक से अधिक एजेंसियां जुड़ी हैं, उनमें बेहतर समन्वय सुनिश्चित कर समयबद्ध प्रगति लाई जाए। साथ ही, दोहराव वाली बजट घोषणाओं का परीक्षण कर उचित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा प्रत्येक सोमवार को केंद्रीय प्रवर्तित प्रायोजित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों और एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया।

Comment List