टीबी मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को लेकर स्क्रीनिंग, जांच और उपचार में तेजी के निर्देश
विशेष कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राज्य को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, जांच और उपचार की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिवालय में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कम प्रदर्शन वाले जिलों पर विशेष ध्यान देने, नियमित मॉनिटरिंग करने और अभियान में आमजन की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जिलावार प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा जहां अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि राजस्थान में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2022 में जहां प्रदेश में केवल 29 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त थीं, वहीं वर्ष 2025 तक इनकी संख्या बढ़कर 6,547 हो गई है। उन्होंने अभियान के तहत जांच, उपचार और जागरूकता गतिविधियों की प्रगति से भी अवगत कराया।

Comment List