तीसरे चरण में हुए पंच-सरपंच के नामांकन, चौथे चरण के लिए पर्चे दाखिल करने का रहा अंतिम दिन
15 नवंबर को पंच-सरपंच के नामांकन
जयपुर। प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तहत बुधवार को तीसरे चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया हुई। वहीं चौथे चरण के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने का बुधवार को अंतिम दिन रहा। अभ्यर्थियों को दोपहर 3 बजे तक पर्चे दाखिल करने का अवसर दिया गया। अब 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। इससे पहले तीसरे चरण में मंगलवार को 27 जिला परिषद के 377 वार्डों में 1305 और 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में 7789 प्रत्याशियों सहित कुल 9094 प्रत्याशियों के लिए कुल 69.31 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2020-21 में 63.56 प्रतिशत की तुलना में 5.75 प्रतिशत अधिक रहा।
15 नवंबर को पंच-सरपंच के नामांकन :
चौथे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसी दिन सुबह 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का अवसर मिलेगा। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। चौथे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए मतदान दल 13 नवंबर को रवाना होंगे। चारों चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना एक साथ 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से जिला मुख्यालय पर होगी। मतगणना के बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान के चुनाव कराए जाएंगे। इस तरह प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया नवंबर के अंतिम सप्ताह में पूरी होगी।

Comment List