पैरा एशियन गेम्स : भारत ने जीते 4 गोल्ड सहित 11 पदक, जयपुर की बेटी मोना और अवनि ने बढ़ाया मान
मोना अग्रवाल ने एशियाई पैरा गेम्स में नया रिकॉर्ड बनाकर जीता स्वर्ण
आइची-नागोया (जापान)। जयपुर की बेटियों मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने सोमवार को एशियाई पैरा गेम्स की निशानेबाजी प्रतियोगिता में भारत के स्वर्ण और रजत पदक जीते। मोना अग्रवाल ने आर-2 महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं अवनि लेखरा को रजत पदक मिला।
पहले दिन 11 पदक
एशियन पैरा गेम्स में भारत ने पहले दिन 4 स्वर्ण सहित 11 पदक अपने नाम किए। जैवलिन थ्रो में रिंकू ने स्वर्ण और अजीत सिंह ने रजत दिलाया। ऐसे ही महिलाओं की 1500 मीटर रेस में सौम्या और वेंकटेश राधा ने भारत को क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक दिलाया। लॉन्ग जंप में निशाद कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। जूडो में कोकिला ने रजत और कपिल परमार ने कांस्य पदक जीता।
मोना अग्रवाल ने तोड़ा अवनि लेखरा का रिकार्ड
टॉप्स एथलीट मोना अग्रवाल ने 250 स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने नया एशियाई पैरा गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अवनि लेखरा (249.6) के नाम था। अवनि लेखरा को 249.6 स्कोर के साथ रजत पदक मिला। आज मिली जीत के साथ ही अवनि ने लॉस एंजिल्स पैरालंपिक 2028 के लिए भी कोटा जीता है। मोना इसे पहले ही वर्ल्ड चैंपियनशिप में हासिल कर चुकी हैं।

Comment List