टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर हमला : मनमोहन सिंह के अपमान पर माफी मांगे राधमोहन, कहा- विद्वान व्यक्तित्व पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाला भाजपा की संकीर्ण सोच और विद्वेषपूर्ण राजनीति का प्रतीक
अशोभनीय टिप्पणी देश के लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान
डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान भारत का अपमान है और हम इसे कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे।
जयपुर। पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह पर भाजपा प्रभारी राधमोहन दास की रोबोट वाली टिप्पणी के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा पर हमला बोला है। जूली ने कहा है कि पूर्व पीएम, महान अर्थशास्त्री और विश्वविख्यात विद्वान डॉ. मनमोहन सिंह जैसे सम्मानित व्यक्तित्व पर राजस्थान भाजपा प्रभारी राधामोहन दास की ओर से की गई टिप्पणी न केवल घोर निंदनीय, अशोभनीय और शर्मनाक है, बल्कि भाजपा की मानसिक दिवालियापन का प्रमाण है। जूली ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जैसे महान, मर्यादित और विद्वान व्यक्तित्व पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाला ना केवल इतिहास और तथ्यों से अनभिज्ञ है, बल्कि वह भाजपा की संकीर्ण सोच, वैचारिक दरिद्रता और विद्वेषपूर्ण राजनीति का जीता-जागता प्रतीक है।
डॉ. मनमोहन सिंह ने न केवल भारत की अर्थव्यवस्था को गहरे संकट से उबारा, बल्कि सत्यनिष्ठा, सादगी और शालीनता से सार्वजनिक जीवन में एक उच्च आदर्श स्थापित किया। उनकी ईमानदारी, शालीनता और मौन पराक्रम को लेकर तुच्छ टिप्पणियाँ भाजपा की अकर्मण्य राजनीति और कुंठित सोच की परिचायक हैं। यह अशोभनीय टिप्पणी देश के लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है। राधामोहन दास जैसे अपरिपक्व नेता को इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए तुरंत देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान भारत का अपमान है और हम इसे कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे।

Comment List