11 फरवरी को पेश होगा राजस्थान का बजट : राज्यपाल के अभिभाषण से कल बजट सत्र की शुरुआत, ओएमआर शीट गड़बड़ी पर हंगामे के आसार
भाजपा भी विधायक दल की बैठक कर जवाबी रणनीति बना रही
जयपुर। राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र बुधवार 28 जनवरी से शुरू होगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल हरिभाउ बागड़े के अभिभाषण से होगी। विधानसभा से जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश का बजट 11 फरवरी को पेश किया जाना प्रस्तावित है, हालांकि बजट की तारीख पर अंतिम निर्णय विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बुधवार को होने वाली बैठक में लिया जाएगा। राज्यपाल के अभिभाषण के आधे घंटे बाद विधानसभा की कार्यवाही प्रारंभ होगी, जिसमें विधायकी कार्य निपटाने के बाद दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके पश्चात सदन की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। कार्यवाही स्थगित होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में बीएसी की बैठक होगी, जिसमें बजट सत्र के कार्यक्रम, बजट पेश करने व पारित करने की तारीखों तथा राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार के जवाब की तिथियां तय होंगी।
29 जनवरी से विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस शुरू होगी। चार दिन की बहस के बाद 3 फरवरी को सरकार का जवाब आने की संभावना है। इसके बाद सदन की कार्यवाही में एक सप्ताह का अवकाश दिया जा सकता है। इस बीच बजट सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। ओएमआर शीट गड़बड़ी मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के विधायक आमने-सामने होंगे। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं भाजपा भी विधायक दल की बैठक कर जवाबी रणनीति बना रही है।

Comment List