प्रदेश में निकाय चुनाव में लोकतंत्र का दूसरा इम्तिहान पूरा, अब 14 को ‘गणपति बप्पा मोरया’
हनुमानगढ़ में ईवीएम ने 71 मिनट रोका मतदान
जयपुर। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान हुआ। प्रदेश के 147 नगरीय निकायों के 4 हजार 774 वार्डों में 87.60 लाख से अधिक मतदाताओं को 18 हजार 266 उम्मीदवारों में से अपने पार्षद चुनने का मौका मिला। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला। राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार दूसरे चरण में शाम 6 बजे तक 70.74% मतदान हुआ, जो पहले चरण के मुकाबले करीब 6% कम है। पहले चरण में 9 सितम्बर को 76.41% मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। दूसरे चरण में सबसे ज्यादा 91.59% मतदान बालोतरा जिले की धौरीमन्ना नगर पालिका और सबसे कम 62.03% मतदान सिरोही नगर परिषद में हुआ। दोनों चरणों में सभी 309 निकायों में कुल मतदान 72.95% रहा, जो पिछले आम चुनावों से लगभग 2.64% ज्यादा है। अब 14 तारीख को दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना होगी। इसी दिन गणेश चतुर्थी भी है। ऐसे में प्रत्येक उम्मीदवार यही आस लगा रहा है कि गणपति उनके लिए खुशियां लेकर आए। दूसरे चरण में जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और पाली नगर निगम सहित 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगरपालिकाएं शामिल है। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए इस चरण में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बल लगाया गया।
पाली में फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा :
पाली जिले की फालना-खुडला नगर पालिका में एक महिला पर फर्जी मतदान करने का आरोप लगने के बाद हंगामा हुआ। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस पहुंची और भीड़ को तितर-बितर किया।
हनुमानगढ़ में ईवीएम ने 71 मिनट रोका मतदान :
हनुमानगढ़ में वार्ड 42 के बूथ संख्या 92 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते मतदान करीब 71 मिनट तक प्रभावित रहा।

Comment List