वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना : तीर्थाटन की आस में बुजुर्गों की लंबी कतार, पोर्टल पर बढ़ा दबाव
योजना में 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा
उदयपुर। राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पर प्रदेशभर के बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में आवेदनों के चलते पोर्टल पर लोड बढ़ गया, जिससे कई बार सर्वर की गति धीमी पड़ गई और आवेदकों को तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देवस्थान विभाग की ओर से संचालित योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ नेपाल स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा का अवसर मिलेगा।
अंतिम दिन आवेदन की रफ्तार तेज होने से रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 1,08,260 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि इनमें शामिल यात्रियों की संख्या 1,81,825 तक पहुंच गई है। हवाई यात्रा के लिए 1,05,069 वरिष्ठ नागरिकों ने आवेदन किया है, जबकि रेल यात्रा के लिए 1,81,825 आवेदक सामने आए हैं। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा तथा 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई यात्रा का लाभ दिया जाएगा। हवाई यात्रा के माध्यम से चयनित श्रद्धालुओं को नेपाल के प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
जून के अंत में निकलेगी कंप्यूटराइज्ड लॉटरी
देवस्थान विभाग के अनुसार प्राप्त आवेदनों में से जिलावार निर्धारित कोटे के आधार पर जून 2026 के अंतिम सप्ताह में कंप्यूटराइज्ड लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी के माध्यम से चयनित वरिष्ठ नागरिकों की सूची जारी होने के बाद जुलाई 2026 से तीर्थ यात्राओं का संचालन शुरू होने की संभावना है। योजना को लेकर प्रदेश के बुजुर्गों में लगातार बढ़ता उत्साह इस बात का संकेत है कि धार्मिक पर्यटन और वरिष्ठ नागरिक कल्याण की दिशा में यह पहल लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय साबित हो रही है।

Comment List