जयपुर में बनाएं राज्य स्तरीय संग्रहालय, आगंतुक प्रदेश की धरोहर से हो सकें रूबरू : मुख्यमंत्री
सीएम ने की पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा
सीएम ने कहा पर्यटन से संबंधित विकास कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं। समय पर कार्य पूरा नहीं होने से लागत में वृद्धि होती है, जिससे राजस्व की हानि भी होती है।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पर्यटन विभाग को जयपुर में राज्य स्तरीय संग्रहालय बनाने के लिए निर्देशित किया। इस संग्रहालय में राजस्थान के सभी क्षेत्रों की रियासतकालीन विरासत और बहुरंगी कला-संस्कृति को प्रदर्शित किया जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र से आने वाला आगन्तुक प्रदेश की धरोहर से रूबरू हो सके। सीएम सोमवार को सीएमआर पर पर्यटन, कला, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
समय पर काम नहीं होने से राजस्व हानि
सीएम ने कहा पर्यटन से संबंधित विकास कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं। समय पर कार्य पूरा नहीं होने से लागत में वृद्धि होती है, जिससे राजस्व की हानि भी होती है। लम्बित कार्यों के लिए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए। शेखावाटी क्षेत्र की पुरानी हवेलियों के संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाएं। इस संबंध में संबंधित जिला कलक्टर्स को निर्देशित किया जाए।
पूंछरी का लौठा के विकास कार्यों में गति लाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर के कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि इसे प्रमुख धार्मिक पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जाए और पर्यटकों को विश्व स्तरीय सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। शर्मा ने पूंछरी का लौठा के विकास कार्यों में भी गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश के बाहर स्थित मंदिरों के जीर्णोद्धार के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

Comment List