युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, ऊंचाई से गिरने की आशंका
घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए
जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार निवासी 45 वर्षीय अरविंद कुमार ठाकुर के रूप में हुई है जो वर्तमान में ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। वह रविवार को काम पर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा।
सोमवार सुबह करीब सात बजे मानबाग चौराहे के निकट सुंदर नर्सरी के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। अरविंद रात के समय मानबाग क्षेत्र में ऊंचाई वाले मार्ग से गुजर रहा था। अंधेरे के कारण रास्ते का सही अंदाजा नहीं लग पाने से वह करीब 25 फीट नीचे गिर गया। नीचे मौजूद पत्थरों पर गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

Comment List