आज 8 माह का हो जाएगा ‘शेरा’
डिजिटल आईडेंटिफिकेशन के लिए लगाई माइक्रोचिप
अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इसे डिस्प्ले एरिया में छोड़े जाने की योजना है।
जयपुर। नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में रह रहा शेरनी तारा का शावक ‘शेरा’ शनिवार को 8 माह का हो जाएगा। इसे अभी कराल में छोड़ने के साथ ही आफ डिस्प्ले एरिया में रखा जा रहा है। जहां इसे पूरी तरह से प्राकृतिक वातावरण दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इसे डिस्प्ले एरिया में छोड़े जाने की योजना है। अभी डाइट में 2 किलो चिकन, 1 किलो बकरा मीट के साथ ही चिकन सूप दिया जा रहा है। आवश्यक विटामिंस और सप्लीमेंट्स भी दिए जा रहे हैं। गर्मी के मौसम में इसका खास ख्याल रखा जा रहा है। शेरा के माइक्रोचिप लगाने के साथ ही समय-समय पर वैक्सीनेशन भी कि जाता है। 14 अक्टूबर, 2024 को शेरनी तारा ने इसे जन्म दिया था। उस समय वजन करीब 990 ग्राम था जो अब बढ़कर करीब 50 किलो हो गया है। मां द्वारा लालन-पालन नहीं किए जाने पर नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अरविंद माथुर ने इसे हैंडरियर्ड किया था।
इनका कहना...
शेरनी तारा का शावक शेरा शनिवार को आठ माह का हो जाएगा। इसे समय-समय पर आवश्यक दवाइयां, विटामिंस और मिनरल्स दिए जाते हैं। इसे कराल एरिया में प्राकृतिक वातावरण दिया जा रहा है। ये पूरी तरह से स्वस्थ है।
-डॉ. अरविंद माथुर, वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक, नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क

Comment List