चाकूबाजी में घायल पर्यटक गाइड की इलाज के दौरान मौत, आर्थिक सहायता समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन; एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव
आमेर में पर्यटक गाइड की हत्या
जयपुर। आमेर में आपसी रंजिश को लेकर चाकू से किए गए जानलेवा हमले में घायल पर्यटक गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। परिजन और स्थानीय लोग आर्थिक सहायता समेत अन्य मांगों को लेकर आमेर बाजार में बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर, मनीष का शव पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आपसी रंजिश को लेकर हुए विवाद में स्थानीय जीप चालक आजम पर मनीष सोनी पर चाकू से हमला करने का आरोप है। हमले में गंभीर घायल मनीष को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
आठ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन
मनीष की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आमेर में बढ़ते अपराध, जीप चालकों की कथित गुंडागर्दी और घटना में कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को ज्ञापन देकर आठ सूत्री मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पूर्व शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। आरोपी आजम उर्फ चक्कू दादा की आमेर में पुलिस परेड निकाली जाए। नशे में जीप चलाने वाले चालकों तथा पर्यटकों और स्थानीय लोगों से झगड़ा, मारपीट व अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, आमेर में नशीले पदार्थों के सेवन, बिक्री और तस्करी पर रोक, पर्यटकों को परेशान करने और उनकी गाड़ियों को अनधिकृत रूप से रोकने वालों पर कार्रवाई तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है। मामले में पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद आमेर क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Comment List