ईवीएम नहीं खुली तो फिर लगी वोटों की कतार, चार वार्डों में पुनर्मतदान में मतदाताओं में उत्साह
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं
जयपुर। नगर निगम जयपुर के चार वार्डों के पांच बूथों पर पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। ईवीएम में तकनीकी समस्या के कारण मतदान प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के चलते इन बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी पूरी सक्रियता के साथ मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते दिखाई दिए।
सुबह 10 बजे तक वार्ड 9 के बूथ संख्या 111 पर 26 प्रतिशत, वार्ड 18 के बूथ संख्या 225 पर 25 प्रतिशत तथा वार्ड 25 के बूथ संख्या 343 पर 24.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं वार्ड 34 के बूथ संख्या 477 पर 12.75 प्रतिशत और बूथ संख्या 484 पर 17.73 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पुनर्मतदान को लेकर सभी प्रत्याशियों में भी खासा जोश नजर आया। प्रत्याशियों के कार्यकर्ता बूथों के आसपास सक्रिय रहे और मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करते रहे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं मतदान व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। सुबह के आंकड़ों के अनुसार मतदान की रफ्तार अलग-अलग बूथों पर अलग रही।

Comment List