विदिशा में झालावाड़ के चार श्रद्धालुओं की मौत, अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर
बागेश्वर धाम से लौटते समय हुआ हादसा
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के लटेरी के पास शनिवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से राजस्थान के निवासी कार सवार चार यात्रियों की मृत्यु हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र के यात्री एक कार से धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे। तड़के लटेरी के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार चार यात्रियों की मृत्यु हो गई और छह अन्य घायल हो गए। घायलों को लटेरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस का कहना है कि शवों को कार से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार को टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। मृतकों की पहचान झालावाड़ जिला निवासी किशन लोधा (60), विनोद माली (34), वर्दी बाई लोधा (70) और राजबाई भील (48) के रूप में हुई है। लटेरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में लगभग 10 लोग सवार थे, जिसमें चार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग छतरपुर के बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसा जिले के लटेरी पेट्रोल पंप के पास हुआ। श्रद्धालुओं की कार सिरोंज की तरफ से आ रही थी, इसी दौरान ट्रक पेट्रोल पंप से बाहर की ओर निकला। तभी कार पीछे से ट्रक में जा घुसी।
Comment List