जंतर-मंतर पर दूसरे दिन भी प्रदर्शन! सिब्बल, भूषण और यादव समेत कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दूसरे दिन भी दिल्ली में उग्र प्रदर्शन
नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को हुए विरोध-प्रदर्शन में राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण और स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव समेत लगभग 150 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
छात्र कार्यकर्ताओं और सिविल सोसायटी समूहों के नेतृत्व में यह प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन जारी रहा। प्रदर्शनकारी सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे और मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर चिंता जता रहे थे। अखिल भारतीय छात्रसंघ (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, जिन्हें शुक्रवार के विरोध-प्रदर्शन के दौरान भी हिरासत में लिया गया था, शनिवार को हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गयी थी। जब प्रदर्शन करने वाले पटेल चौक इलाके से प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़े, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें जंतर-मंतर रोड के पास रोक दिया। उन्होंने बैरिकेड्स की पहली लाइन पार कर ली थी, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को बसों में बिठाकर वहां से हटा दिया।

Comment List