स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात जवान ने खुद को मारी गोली, पंचायतीराज चुनाव की ईवीएम सुरक्षा में था तैनात
पुलिस महकमा अलर्ट
अजमेर। पंचायतीराज चुनाव की ईवीएम की सुरक्षा के लिए तैनात आरएसी जवान नरेंद्र गोदारा ने सोमवार शाम खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना अजमेर के माखूपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में हुई है, जहां चुनाव के लिए स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में जवान द्वारा खुद को गोली मारना सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे से 5.15 बजे के मध्य पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इससे वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। जिन्होंने तुरंत उच्चाधिकारियों को जवान के गोली लगने की सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, सीओ साउथ मनीष बड़गुर्जर व आदर्शनगर थाना सीआई ओमप्रकाश मय दल के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया। जिन्होंने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

Comment List