‘अर्जुन नागा’ की जयपुर-जैसलमेर में 40 दिन होगी शूटिंग, फिल्म पर्यटन नीति से प्रदेश को ग्लोबल स्क्रीन पर पहचान दिलाने की तैयारी
राजस्थान में फिल्म 'अर्जुन नागा' की शूटिंग
जयपुर। राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक विविधता और भव्य लोकेशन्स अब फिल्मों की कहानी का हिस्सा बनने के साथ प्रदेश की पर्यटन ब्रांडिंग का भी सशक्त माध्यम बन रही हैं। इसी कड़ी में फिल्म निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा की आगामी फिल्म ‘अर्जुन नागा’ की राजस्थान में करीब 40 दिन शूटिंग होगी। फिल्म की शूटिंग के लिए जयपुर और जैसलमेर को प्रमुख लोकेशन के रूप में चुना गया है।
राजस्थान पर्यटन भवन में हुई विशेष बातचीत में अनिल शर्मा ने प्रदेश से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए यहां की लोकेशन्स की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मुझे राजस्थान से लगाव है। राजस्थान रहने और बसने के लिहाज से अच्छा है ही, फिल्मों के लिए भी बेहद अनुकूल है। यहां की लोकेशन्स ऐसी हैं कि उन्हें देखकर फिल्म के पर्दे पर उतारने का मन करता है।”
जयपुर-जैसलमेर में दिखेगा राजस्थान का रंग
शर्मा ने बताया कि ‘अर्जुन नागा’ में उत्कर्ष शर्मा, गुलशन ग्रोवर, अर्जुन रामपाल और निधि अग्रवाल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। राजस्थान और अनिल शर्मा का फिल्मी रिश्ता पुराना है। उनकी ‘गदर : एक प्रेम कथा’, ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो’, ‘वीर’ और ‘ऐलान-ए-जंग’ जैसी फिल्मों का राजस्थान से शूटिंग संबंध रहा है। ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो’ में जैसलमेर और ‘वीर’ में आमेर की लोकेशन्स नजर आई थीं।
लोकेशन के साथ प्रशासनिक सहयोग भी जरूरी
अनिल शर्मा ने कहा कि किसी राज्य में शूटिंग के लिए केवल खूबसूरत लोकेशन ही पर्याप्त नहीं होती। स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पर्यटन विभाग से उन्हें लगातार सहयोग मिलता रहा है।
फिल्मों से पर्यटन को नई उड़ान
पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने फिल्म निर्माण की संभावनाओं को पर्यटन से जोड़ते हुए फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 लागू की है। इसका उद्देश्य राजस्थान को फिल्मकारों के लिए अनुकूल शूटिंग डेस्टिनेशन बनाना और फिल्मों के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों की पहुंच देश-विदेश तक बढ़ाना है। शूटिंग से जुड़ी अनुमतियों को सरल बनाने के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।
राजस्थान पहले भी बना सिनेमा की पसंद
‘जोधा अकबर’, ‘उमराव जान’, ‘दिल्ली-6’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘रंग दे बसंती’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘वीर’, ‘गुलाल’ और ‘नन्हे जैसलमेर’ जैसी फिल्मों में राजस्थान की विरासत और परिवेश बड़े पर्दे पर नजर आया है।
हॉलीवुड तक पहुंची राजस्थान की खूबसूरती
‘ऑक्टोपसी’, ‘द बेस्ट एग्जॉटिक मैरिगोल्ड होटल’, ‘द दार्जिलिंग लिमिटेड’, ‘द फॉल’, ‘द डार्क नाइट राइजेज’ और ‘वायसरॉयज हाउस’ जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियों में भी जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर की लोकेशन्स दिखाई दी हैं। इससे राजस्थान की दृश्यात्मक पहचान वैश्विक दर्शकों तक पहुंची है।

Comment List