नए पद पर ज्वॉइनिंग नहीं की तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई, स्थानांतरण होने के बावजूद जेडीए से कार्यमुक्त नहीं
12 अगस्त तक की समय सीमा निर्धारित
जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण में लेखा संवर्ग के सात सहायक लेखाधिकारी तबादला आदेश जारी होने के 39 दिन बाद भी नई पदस्थापना पर ज्वॉइन नहीं कर पाए हैं। इस संबंध में निदेशालय कोष एवं लेखा विभाग ने आदेश जारी कर तत्काल नए पद पर ज्वॉइनिंग करने के निर्देश दिए है। हालांकि विभागीय सूची में स्थानांतरण होने के बावजूद इन्हें जेडीए से कार्यमुक्त नहीं किया गया है। ऐसे में तबादला आदेशों की पालना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजस्थान अधीनस्थ लेखा सेवा के प्रदेशभर में विभिन्न विभागों में कार्यरत 482 सहायक लेखा अधिकारियों के तबादले किए गए थे। स्थानांतरण सूची जारी होने के बाद नई जगह ज्वाइन करने के लिए 12 अगस्त तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी।
7 अगस्त को लेखा एवं कोष निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर में निर्धारित अवधि में जोइन नहीं करने वाले कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई थी। इसके बावजूद जेडीए में कार्यरत धनेश कुमार सेठी, भगवत सिंह, मनीष कुमार मीणा, दिनेश कुमार चौधरी, मदनलाल निठारवाल, विनोद गुर्जर और सत्येन्द्र कुमार कांसोटिया अभी तक कार्यमुक्त नहीं हुए हैं। 11 अगस्त की जेडीए सूची में भी इन सभी को स्थानांतरणाधीन लेखा संवर्ग कार्मिकों के रूप में दर्शाया गया है। सूची के अनुसार धनेश कुमार सेठी को उपायुक्त प्रशासन एवं जनसंपर्क प्रकोष्ठ में अतिरिक्त कार्य, भगवत सिंह को उपायुक्त जोन 8 और मनीष कुमार मीणा को उपायुक्त जोन बी में जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दिनेश कुमार चौधरी को उद्यान एवं सर्वे रिकॉर्ड, मदनलाल निठारवाल और विनोद गुर्जर को भुगतान प्रकोष्ठ तथा सत्येन्द्र कुमार कांसोटिया को पीएचई 1 एवं जोन 8 से जुड़े कार्य सौंपे गए हैं।
जेडीए प्रशासन का तर्क है कि अकाउंट शाखा सहित विभिन्न शाखाओं में कार्मिकों की कमी है। निदेशालय कोष एवं लेखा के निदेशक एवं पदेन संयुक्त शासन सचिव मनीष माथुर ने कार्मिकों को तत्काल नए पद पर जोइनिंग करने निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Comment List