जयपुर के SMS अस्पताल में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना का निधन: मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम शुरू, माइनिंग विवाद के दौरान हुए थे घायल
वैर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात
जयपुर। भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र में माइनिंग लीज और क्रेशर संचालन को लेकर हुए विवाद में घायल बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना का जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। रायपुर-भोंडा गांव के ग्रामीणों और क्रेशर संचालक पक्ष के बीच हुए टकराव में मारपीट और फायरिंग के दौरान भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, विवाद पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना की माइनिंग लीज और क्रेशर संचालन को लेकर चल रहा था।
रायपुर-भोंडा गांव के ग्रामीण पिछले करीब दो वर्षों से इस मुद्दे पर विरोध जता रहे थे। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच टकराव हुआ, जो मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में अतर सिंह भड़ाना को गंभीर चोटें आई थीं। SMS अस्पताल के थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा नेता प्रहलाद गुंजल, कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा, पूर्व विधायक जीतराम चौधरी और जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह भी SMS अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचे।

Comment List