पुलिस की कार्रवाई : बिना लाइसेंस बेच रहे थे पटाखे, 2 दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज
कारोबार पर पुलिस का शिकंजा
जयपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखा बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर पूर्व की जामड़ोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना स्थाई अथवा अस्थाई अनुज्ञापत्र के पटाखे बेच रहे दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों दुकानों से 27 अलग-अलग लेबल के करीब 30 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। साथ ही दोनों दुकानदारों के विरुद्ध अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार त्योहारों के दौरान अवैध विस्फोटक पदार्थों के भंडारण, बिक्री और निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त आदर्श नगर जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन तथा जामड़ोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। बिना अनुमति बेच रहे थे पटाखे पुलिस टीमों को 5 नवंबर 2026 को थाना क्षेत्र के विजयपुरा, सुमेल, पुरानी चुंगी और मीणा पालड़ी क्षेत्र में पटाखा दुकानों के स्थाई एवं अस्थाई अनुज्ञापत्रों की जांच के लिए रवाना किया गया। इस दौरान आगरा रोड स्थित पालड़ी मीणा में विनायक चैंबर दुकान के पास पटाखों की बिक्री कर रहे दो दुकानदारों की जांच की गई।

Comment List